भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन काफी हलचल देखने को मिली। अंतिम दिन कुल 12 उम्मीदवारों ने विभिन्न पैक्स अध्यक्ष पदों के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान प्रखंड मुख्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन कुल 12 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने बताया कि धांधी बेलारी पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए दिलीप यादव, दीपक कुमार और हरिशचंद्र यादव ने अपना नामांकन पर्चा भरा है।
वहीं भवनाथपुर पैक्स से सदानंद राय ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। उधाडीह पैक्स से अजय कुमार सिंह, आशु कुमार और संजू देवी ने अपनी उम्मीदवारी पेश की है। इसके अलावा श्रीरामपुर पैक्स से विकेश कुमार और निरंजन कुमार ने नामांकन दाखिल किया है।
जहांगीरा पैक्स से शेखर कुमार, गनगनिया पैक्स से कंचन वाला देवी और मसदी पैक्स से गुरुदेव यादव ने भी पैक्स अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने आगे बताया कि नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 9 और 10 मार्च को की जाएगी। इसके बाद 11 मार्च को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान 18 मार्च को सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन प्रखंड मुख्यालय के सभागार में मतगणना की प्रक्रिया भी संपन्न कराई जाएगी।
नामांकन के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया। प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को अबीर-गुलाल लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान निर्वाचन कर्मी राजेश कुमार, एआरओ राकेश कुमार, आलोक कुमार सहित अन्य कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
