भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में पंचायत के मुखिया के साथ मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मछली मारने से मना करने पर कुछ लोगों ने मुखिया को पकड़कर कीचड़ में पटक-पटक कर बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के भोरंग पोखर के पास की बताई जा रही है। मथुरापुर पंचायत के मुखिया मंतोष कुमार महलदार ने इस मामले को लेकर शिवनारायणपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने पांच नामजद और करीब दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि भोरंग पोखर में कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान मथुरापुर पंचायत के मुखिया मंतोष कुमार महलदार वहां पहुंचे और उन लोगों को पोखर में मछली मारने से मना किया। आरोप है कि मुखिया की यह बात वहां मौजूद लोगों को नागवार गुजर गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्साए लोगों ने मुखिया को पकड़ लिया और उन्हें कीचड़ में गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें कई बार कीचड़ में पटक-पटक कर मारा। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बना लिया।
बताया जा रहा है कि मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग मुखिया को कीचड़ में गिराकर उनके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद घायल अवस्था में मुखिया मंतोष कुमार महलदार शिवनारायणपुर थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर, मामले को लेकर शिवनारायणपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मुखिया की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
