आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
स्क्रिप्ट:
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर अभिषेक शर्मा महज 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ईशान किशन ने 39 रन की अहम पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन ठोक दिए। उनकी इस धमाकेदार पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
सैमसन के आउट होने के बाद शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि हार्दिक पंड्या ने 12 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेली। तिलक वर्मा ने भी सिर्फ 7 गेंदों में 21 रन जोड़कर टीम का स्कोर 253 रन तक पहुंचा दिया।
254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। फिल सॉल्ट 5 रन, कप्तान हैरी ब्रूक 7 रन और टॉम बैंटन 17 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इंग्लैंड ने शुरुआती झटकों के बाद भी मुकाबले में वापसी की कोशिश की।
जैकब बेथल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 105 रन की तूफानी पारी खेली और इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखा। लेकिन 20वें ओवर की पहली गेंद पर उनका रन आउट होना मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।
आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर ने तीन छक्के लगाकर मुकाबले को रोमांचक जरूर बना दिया, लेकिन इंग्लैंड लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गया और भारत ने यह मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है और अब 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताब के लिए भिड़ेगी।
