पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच समुद्र में एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। ओमान के मस्कट तट के पास ‘गल्फ ऑफ ओमान’ में एक मालवाहक ऑयल टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ, जिसमें मुंबई के कांदिवली निवासी 25 वर्षीय दीक्षित सोलंकी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हमला ईरान-इजरायल संघर्ष से जुड़ा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, दीक्षित सोलंकी मूल रूप से गुजरात के दीव के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मुंबई के कांदिवली इलाके में रह रहे थे। वे ‘MKD Vyom’ नामक जहाज पर क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत थे। यह जहाज मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाला ऑयल टैंकर था।

 

घटना उस वक्त हुई जब जहाज ओमान के मस्कट तट से करीब 52 नॉटिकल मील दूर समुद्र में था। तभी विस्फोटकों से भरी एक मानवरहित ड्रोन बोट ने जहाज को निशाना बनाया। धमाका इतना जोरदार था कि इंजन रूम में भीषण आग लग गई। इसी आग में दीक्षित सोलंकी की मौके पर ही मौत हो गई।

 

इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दीक्षित के पिता अमृतलाल सोलंकी दीव में मछली पकड़ने का व्यवसाय करते हैं। दीक्षित परिवार का सबसे छोटा बेटा था। परिजनों ने बताया कि एक महीने पहले ही उनकी मां का निधन हुआ था। मां के अंतिम संस्कार के बाद दीक्षित दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौटे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

 

वहीं, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दुबई में फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिशें भी जारी हैं। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की पहल पर यूएई में फंसे महाराष्ट्र के 164 पर्यटक दो विशेष उड़ानों से मुंबई लौट आए हैं। इनमें पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 एमबीए छात्र और स्टाफ भी शामिल हैं।

 

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब सीधे भारतीय परिवारों को भी प्रभावित कर रहा है। समुद्र से लेकर आसमान तक, जंग की यह आंच लगातार गहराती जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *