भागलपुर में एक ओर जहां होली का उल्लास देखने को मिल रहा है, वहीं कचहरी चौक से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में आ रही एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। टोटो में सवार चार से पांच लोग सड़क पर गिर पड़े और सभी को चोटें आईं। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टोटो चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से टोटो पलट गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और घटना की सूचना ट्रैफिक पुलिस को दी। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया।
घायलों का इलाज फिलहाल भागलपुर के सदर अस्पताल भागलपुर में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टोटो को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार कितनी थी तथा चालक के पास वैध कागजात थे या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं लापरवाही या यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण यह हादसा तो नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचहरी चौक पर अक्सर वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सख्त निगरानी और नियमित जांच की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि जांच के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कानूनी कार्रवाई करता है। फिलहाल, ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और घायलों को समय पर इलाज मिल सका।
