भागलपुर में होलिका दहन के दौरान एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में गोपालपुर विधानसभा के पूर्व विधायक गोपाल मंडल हाथ में कथित तौर पर हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान बनाया गया, जिसमें पूर्व विधायक कथित रूप से हथियार के साथ मौजूद दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया और मामले ने तूल पकड़ लिया। कई यूजर्स ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए।
इस पूरे मामले को लेकर भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी जिला स्तर के एक वरीय पदाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो की सत्यता क्या है, वीडियो कब और कहां का है, तथा जो हथियार दिखाई दे रहा है वह लाइसेंसी है या नहीं। साथ ही कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब गोपाल मंडल का नाम हथियार से जुड़े विवाद में सामने आया हो। इससे पहले विधायक रहते हुए वे भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल में भी हथियार के साथ पहुंचे थे, जिसे लेकर उस समय काफी विवाद हुआ था और राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।
इधर सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने जानकारी दी है कि गोपाल मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
