गोपालपुर। करचीरा गांव के राधे कृष्ण शर्मा ने गोपालपुर थाना में आवेदन देकर अपनी पत्नी पिंकी देवी पर गैर मर्द के साथ फरार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
आवेदन में राधे कृष्ण शर्मा ने बताया है कि करीब तीन महीने पूर्व उनकी पत्नी पिंकी देवी अपने मायके ग्राम फतेहपुर, थाना नाथनगर चली गई थीं। उनके अनुसार, मायके जाने के तीन-चार दिन बाद उनके ससुर उनके घर आए और बच्चों को अपने साथ फतेहपुर ले गए। उस समय उन्हें किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई।
राधे कृष्ण शर्मा ने आरोप लगाया है कि तीन-चार दिन पूर्व उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी अपने माता-पिता की सहमति से उनके ही दोस्त निलेश कुमार मंडल (नाथनगर) के साथ फरार हो गई है। उन्होंने कहा कि पत्नी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बता रहा है, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस घटना से वे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं।
आवेदन में उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि उनकी पत्नी उनकी हत्या करवा सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पत्नी और संबंधित व्यक्ति की खोजबीन करने की मांग की है।
गोपालपुर थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संबंधित थाना क्षेत्र से भी संपर्क कर जानकारी जुटा रही है।
