पूर्णिया जिले के बनमनखी स्थित भगवान नरसिंह की अवतार स्थली पर आयोजित राजकीय होलिका दहन महोत्सव का सोमवार को भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार की खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह और स्थानीय विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर तथा फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर श्रद्धालुओं की जयघोष और रंग-बिरंगी सांस्कृतिक छटा से गूंज उठा।
यह पावन स्थल पौराणिक मान्यताओं के अनुसार वही ऐतिहासिक भूमि मानी जाती है, जहां असुर राजा हिरण्यकश्यप की बहन होलिका ने विष्णु भक्त प्रह्लाद को अग्नि में जलाने का प्रयास किया था, किंतु स्वयं अग्नि में भस्म हो गई। धार्मिक विश्वास है कि इसी स्थान पर पहली बार होली का उत्सव मनाया गया था। इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए यहां हर वर्ष राजकीय स्तर पर होलिका दहन महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि बनमनखी की यह पवित्र धरती आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाते हैं और नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला सांस्कृतिक पर्व भी है।
महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से उत्सव का आनंद ले सकें।
