भागलपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सिटी एसपी सैलेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित स्पेशल टीम ने कोतवाली बायपास और लालमटिया थाना क्षेत्र में समन्वित छापेमारी की। इस दौरान कुल 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई और एक महिला समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 

सिटी एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कोतवाली बायपास इलाके में ब्राउन शुगर की बड़ी डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर त्वरित कार्रवाई की और मौके से सभी आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और शहर के युवाओं को निशाना बनाकर नशे की सप्लाई कर रहा था।

 

इधर, लालमटिया थाना क्षेत्र में भी अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से छोटी-छोटी खेप में नशे की सप्लाई कर रहा था और उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलते ही टीम ने उसे दबोच लिया और बरामद मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

कोतवाली बायपास मामले में अभिषेक, गौरव समेत एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क और इसके सप्लाई चेन का खुलासा हो सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई होती थी।

 

सिटी एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भागलपुर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई संभव है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *