भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर बाजार से आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा सोनाक्षी शाह के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा घर से “कोचिंग जाने” की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा सोनाक्षी शाह ने घर से निकलते समय अपनी मां से कहा था कि वह कोचिंग पढ़ने जा रही है। लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। परिजनों ने सबसे पहले ट्यूशन शिक्षक और सहपाठियों से संपर्क किया, जहां पता चला कि वह उस दिन कोचिंग पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

छात्रा की मां आरती देवी, जिनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ है, बेटी के अचानक गायब होने से बेहद परेशान हैं। वहीं पिता कन्हैयालाल शाह बाजार में बेटी की तस्वीर लेकर लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और किसी भी तरह की जानकारी देने की अपील कर रहे हैं। परिवार को आशंका है कि कहीं बच्चा चोर गिरोह के चंगुल में तो वह नहीं फंस गई।

मामले को लेकर भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और छात्रा की जल्द बरामदगी के लिए टीम गठित कर छानबीन जारी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य कड़ियों को जोड़कर मामले की जांच की जा रही है।

इधर परिजनों ने आरोप लगाया है कि थाना में सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए, हालांकि पुलिस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि विधिवत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

यह मामला भागलपुर जिले के नारायणपुर तथा मधुरापुर बाजार क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि छात्रा के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें, ताकि बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *