बिहार के सहरसा स्थित सदर अस्पताल सहरसा परिसर से एक बार फिर रिक्शा चोरी होने की घटना सामने आई है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित बटराहा निवासी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि वह अपनी भगिनी का इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल परिसर में उन्होंने अपना रिक्शा साइड में खड़ा किया और मरीज को लेकर इलाज के लिए अंदर चले गए।

 

मोहम्मद शरीफ के अनुसार, वह कुछ ही मिनट बाद वापस लौटे तो वहां उनका रिक्शा गायब था। पहले तो उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन रिक्शा का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि गार्ड की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और न ही उन्हें फुटेज उपलब्ध कराई गई।

 

घटना से परेशान होकर पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने का इंतजार किया जा रहा है। मोहम्मद शरीफ ने कहा कि वह गरीब तबके से हैं और रिक्शा ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। रिक्शा चोरी होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल परिसर में इस तरह की चोरी की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, जिससे वाहनों की सुरक्षा एक बड़ी चिंता बन गई है।

 

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और अस्पताल प्रशासन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कौन से कदम उठाता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *