भागलपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई में 700 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 26 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के बाजार चौक के पास अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में स्थानीय थाना पुलिस सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवनारायणपुर बाजार चौक के समीप छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 700 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी जिले में हाल के दिनों की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार उर्फ गड्डू कुमार के रूप में हुई है, जो शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले जेल जा चुका है। पुलिस का मानना है कि वह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
