भागलपुर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर 25 फरवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 तक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब पर कार्रवाई और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया गया।

 

अभियान के दौरान कुल 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 22 वारंटियों को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि अन्य मामलों में 16 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के एक मामले में 6 अभियुक्तों को जेल भेजा गया है।

 

शराबबंदी कानून के तहत भी सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शराब के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं शराब सेवन के आरोप में 16 लोगों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने 3777.75 लीटर विदेशी शराब और 142 लीटर देसी शराब जब्त की है। इसके साथ ही एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चार खोखा, 100 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, पांच बाइक, दो लैपटॉप, दो टैब, एक प्रिंटर, एक स्कैनर, एक चार्जर, एक माउस और एक की-बोर्ड भी बरामद किए गए।

 

वाहन जांच अभियान के तहत 1574 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 17,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *