भागलपुर शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला लोहियापुल इलाके का है, जहां एक बच्चे के गले से चांदी का चकता (लॉकेट) छीनने की कोशिश की गई। हालांकि मां की सतर्कता, स्थानीय लोगों की मदद और ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। बाद में उसे कोतवाली थाना भागलपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

पीड़िता मनीसा कुमारी, जो नाथनगर के भीमकित्ता इलाके की रहने वाली हैं, ने बताया कि वह अपने छोटे बेटे के साथ बाजार करने शहर आई थीं। खरीदारी के बाद जब वह लोहियापुल से होकर गुजर रही थीं, तभी पीछे से एक युवक अचानक आया और उनके बेटे के गले में पहना चांदी का चकता खींचने लगा। अचानक हुए इस हमले से बच्चा घबरा गया और जोर-जोर से रोने लगा।

 

मनीसा कुमारी ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान स्टेशन चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तेजी दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भीड़ और पुलिस की सक्रियता के कारण वह सफल नहीं हो सका।

 

ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कोतवाली थाना को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

 

स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती छीना-झपटी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, खासकर लोहियापुल और स्टेशन चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त निगरानी की आवश्यकता बताई है।

 

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी अकेला था या किसी गिरोह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *