बिहार के नवादा जिले से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिऊर गांव की रहने वाली एक विवाहिता की दमन में कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका का शव कई दिनों बाद किराए के कमरे से एक ट्रॉली बैग में बरामद हुआ। मामले में महिला के साथ रह रहे युवक पर हत्या का आरोप है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
रोह थाना क्षेत्र के सिऊर गांव निवासी मनीष उपाध्याय की बेटी छोटी कुमारी की पहचान दमन में मिले शव के रूप में हुई है। रोह थाना अध्यक्ष राहुल अभिषेक ने बताया कि रविवार को दमन पुलिस से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिजनों को जानकारी देकर दमन भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले छोटी कुमारी, जो पहले से शादीशुदा थी, अपने ही गांव के युवक ऋषभ के साथ घर छोड़कर दमन चली गई थी। दोनों वहां किराए के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। परिजनों ने उस समय रोह थाने में अपहरण का मामला भी दर्ज कराया था, लेकिन दोनों का परिवार से संपर्क नहीं हो सका।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, किसी विवाद के बाद आरोपी ऋषभ ने छोटी कुमारी की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को ट्रॉली बैग में बंद कर कमरे में छोड़ दिया और फरार हो गया। कई दिनों तक कमरा बंद रहने और तेज दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली, जहां ट्रॉली बैग के अंदर महिला का शव मिला।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में मृतका की बेटी की भी हत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल दमन पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी ऋषभ की तलाश में जुटी है। साथ ही हत्या के कारण, घटना के समय और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस घटना की खबर मिलते ही नवादा के सिऊर गांव में शोक और मातम का माहौल है।






