भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित एस.एस. बालिका इंटर उच्च विद्यालय परिसर में बिहार गृह रक्षा वाहिनी की महिला बुनियादी प्रशिक्षुओं का भव्य पारण परेड समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर और सहरसा जिले की कुल 131 महिला होमगार्ड जवानों की पासिंग आउट परेड सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परेड की सलामी बिहार गृह रक्षा वाहिनी के उप महासमादेष्टा (डीआईजी) मनोज कुमार नट, डिवीजनल कमांडेंट सह जिला समादेष्टा अखिलेश कुमार ठाकुर तथा भागलपुर के जिला समादेष्टा संजय कुमार ने संयुक्त रूप से ली।

 

समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी मनोज कुमार नट ने सभी प्रशिक्षित महिला जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सभी महिला जवानें पूर्ण रूप से प्रशिक्षित हो चुकी हैं और जहां भी उनकी तैनाती होगी, वहां वे ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। डीआईजी नट ने कहा कि होमगार्ड जवान केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आपदा प्रबंधन, सामाजिक कार्यों और जनसेवा में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

 

उन्होंने महिला जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। गृह रक्षा वाहिनी में महिलाओं की भागीदारी से संगठन और अधिक सशक्त हो रहा है। डीआईजी नट ने सभी जवानों से अनुशासन, सेवा भावना और टीमवर्क को जीवन भर बनाए रखने की अपील की।

 

बताया गया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत महिला होमगार्ड जवानों को कुल 120 दिनों तक गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शारीरिक दक्षता, ड्रिल, आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और सामाजिक दायित्वों से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला जवानों को हर परिस्थिति में सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना रहा।

 

पारण परेड समारोह में महिला जवानों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अपनी बेटियों और परिवार की महिलाओं को वर्दी में अनुशासित कदमताल करते देख परिजनों के चेहरे गर्व से चमक उठे। इस अवसर पर गृह रक्षा वाहिनी के उपेन्द्र पासवान, चंदन कुमार, धनंजय कुमार, स्नेहलता कुमारी सहित अन्य वरीय अधिकारी, प्रशिक्षक एवं स्टाफ भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed