सहरसा में योगदान देने आ रहे बिहार पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस दुखद घटना से न सिर्फ पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई, बल्कि मृतक के परिवार में भी कोहराम मच गया है। सहरसा सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

मृतक की पहचान सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव निवासी 58 वर्षीय अभिरंजन कुमार के रूप में हुई है। वे बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। 31 दिसंबर तक वे भोजपुर जिले के आर पुलिस लाइन में पदस्थापित थे और हाल ही में उनका तबादला सहरसा जिले में किया गया था। शुक्रवार को भोजपुर से रिलीव होने के बाद वे सहरसा पुलिस लाइन में योगदान देने के लिए रवाना हुए थे।

 

जानकारी के अनुसार, सहरसा पहुंचने से पहले ही सुपौल जिले में उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से उनके साथ मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।

 

परिजनों के अनुसार अभिरंजन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और उनके तीन पुत्र हैं। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जिनकी आय से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। मृतक के बड़े पुत्र बसंत कुमार ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और पटना में डायलिसिस कराया जा रहा था। इलाज के बावजूद वे ड्यूटी निभाने के लिए प्रतिबद्ध थे और सहरसा में योगदान देने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

 

इस संबंध में सहरसा सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर सनी कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि एक दारोगा की मौत हुई है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

 

फिलहाल पुलिस मामले की औपचारिक कार्रवाई पूरी कर रही है। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग और स्थानीय इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *