भागलपुर के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और नशीली दवाओं के कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस मामले की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि विशेष समकालीन अभियान के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार, विस्फोटक सामग्री, भारी मात्रा में नशीली दवाएं और नकद राशि बरामद की गई है।

 

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर सुलतानगंज थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच और अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध हथियार और नशीली दवाओं के साथ इलाके में सक्रिय हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुलतानगंज थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।

 

छापेमारी के दौरान आदर्शनगर निवासी पप्पू मंडल के पुत्र राहुल कुमार उर्फ राहुल मंडल और सुधीर सिंह के पुत्र सुमन कुमार उर्फ बैज सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा बम, 16 जिंदा कारतूस, नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप बरामद किए गए।

 

एसपी ने बताया कि बरामद नशीली सामग्री में नाइट्राजेपाम की कुल 1080 टैबलेट और कोडीन फॉस्फेट व ट्राइप्रोल एचसीएल कफ सिरप की 155 बोतलें (प्रत्येक 100 एमएल) शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 2 लाख 71 हजार 700 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

 

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार और नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के धंधे में संलिप्त थे। पुलिस को आशंका है कि इनके तार किसी बड़े नेटवर्क या अंतरजिला गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

 

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सुलतानगंज थाना में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *