इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सहरसा जिले से सामने आ रही है, जहां सोनबरसा कचहरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। सहरसा–सोनबरसा कचहरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार की संध्या करीब 7 बजे करजाईन गाछी के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार भारी वाहन ने दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में घायल 18 वर्षीय तेजश कुमार की पहचान अर्शी बस्ती निवासी मनीष कुमार सिंह उर्फ हीरो के इकलौते पुत्र के रूप में हुई है। मनीष कुमार सिंह पेशे से शिक्षक हैं और वर्तमान में सहरसा के गौतम नगर इलाके में रहते हैं। तेजश कुमार अपने एक मित्र के साथ सड़क से गुजर रहे थे, इसी दौरान अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने दोनों को कुचल दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन की गति काफी अधिक थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
घटना की सूचना मिलते ही सोनबरसा कचहरी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष परशुराम सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेजा। इधर, फोन के माध्यम से सूचना मिलने पर घायल युवक के चाचा छोटू सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
फिलहाल सदर अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज जारी है, जिसमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार वाहन चालक की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
