भागलपुर में नववर्ष का स्वागत लोग अलग-अलग अंदाज में करते नजर आए। जहां 31 दिसंबर की रात शहर के होटल, रेस्टोरेंट और विवाह भवनों में युवा वर्ग नए साल का जश्न मनाने में जुटा रहा, वहीं दूसरी ओर एक अलग और प्रेरणादायक तस्वीर भी देखने को मिली। शहर में प्राची सेवा ट्रस्ट के बैनर तले सोशल मीडिया सेंसेशन और फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु ने अपने परिवार के साथ मानवता और सेवा के माध्यम से नए साल का स्वागत किया।
31 दिसंबर की रात संचिता बसु ने सड़कों के किनारे रात गुजारने वाले जरूरतमंद लोगों, रिक्शा चालकों और असहाय व्यक्तियों के बीच कंबल और भोजन का वितरण किया। ठंड की इस कड़कड़ाती रात में मदद पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और मुस्कान साफ दिखाई दी।
यह सेवा कार्य तिलकामांझी, आदमपुर, घंटाघर, कोतवाली सहित शहर के कई इलाकों में किया गया, जहां दर्जनों जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई गई। इस मानवीय पहल का उद्देश्य केवल राहत पहुंचाना ही नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देना भी था कि खुशियां बांटने से ही जश्न का असली मतलब पूरा होता है।
संचिता बसु ने कहा कि नए साल का सबसे अच्छा स्वागत जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा करके किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे त्योहारों और खास मौकों पर समाज के कमजोर वर्गों की मदद के लिए आगे आएं।
इस सेवा अभियान में संचिता बसु के साथ उनका पूरा परिवार सक्रिय रूप से शामिल रहा। कार्यक्रम के दौरान उनकी मां वीणा देवी, पिता सुलेन्द्र कुमार, भाई अश्वनी कुमार, चंदन कुमार, जुली देवी, नीतू कुमारी और दीपक कुमार मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जरूरतमंदों के बीच कंबल और भोजन बांटा।
इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक सोच और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। नववर्ष के अवसर पर संचिता बसु और प्राची सेवा ट्रस्ट की यह पहल भागलपुर में चर्चा का विषय बनी रही और कई लोगों के लिए प्रेरणा साबित हुई।
