सहरसा में बड़ा रेल हादसा टला: सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार की अहले सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर से सहरसा आ रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 63344 के इंजन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में इंजन से सटी एक बोगी भी आ गई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, घटना तड़के करीब 3 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पहुंची, इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में धुआं तेज लपटों में बदल गया और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इंजन से उठ रही ऊंची-ऊंची आग की लपटें और घना धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

 

घटना के समय ट्रेन में कई यात्री गहरी नींद में थे। धुआं और आग देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे। स्टेशन पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीकी टीम और राहत दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। इस दौरान ट्रेन का परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

संवाददाता : इन्द्रदेव जी

  • Related Posts

    मुजफ्फरपुर में बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष पहल, एसएसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग

    मुजफ्फरपुर में बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष पहल, एसएसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग

    हरिहरपुर गांव में बम धमाका, 55 वर्षीय अजय पांडेय की मौत; इलाके में दहशत

    हरिहरपुर गांव में बम धमाका, 55 वर्षीय अजय पांडेय की मौत; इलाके में दहशत

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *