बिहार में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। भागलपुर शतरंज संघ की ओर से 8 एवं 9 अगस्त 2026 को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में “फर्स्ट राइवल ऑफ अंग इंटरनेशनल ओपन फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप–2026” आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को मनाली चौक स्थित होटल ग्लैक्सी में भव्य प्रेस वार्ता एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता भागलपुर शतरंज संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने की। इस दौरान संघ के सचिव अजय कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष कुणाल कुमार राय, भागलपुर एथलेटिक्स संघ के सचिव नसर आलम समेत आयोजन समिति के कई सदस्य, खेल प्रेमी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने बताया कि यह प्रतियोगिता बिहार के शतरंज इतिहास की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शामिल होगी। इसमें भारत के साथ नेपाल, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे और केन्या सहित कई देशों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में ग्रैंडमास्टर आर्यन चोपड़ा (दिल्ली), इंटरनेशनल मास्टर अतनु लाहिड़ी, इंटरनेशनल मास्टर कौस्तव कुंडू तथा वूमेन इंटरनेशनल मास्टर स्नेहा हल्दर सहित अनेक फिडे रेटेड खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धी एवं आकर्षक होगा।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रीमती श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके साथ कई जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की भी उपस्थिति रहने की संभावना है।
बैठक में खिलाड़ियों के आवास, भोजन, तकनीकी व्यवस्था, पंजीकरण, परिवहन, सुरक्षा, अतिथि सत्कार, प्रचार-प्रसार तथा उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए समिति ने कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए।
भागलपुर शतरंज संघ ने इस आयोजन के लिए जिलाधिकारी आलंकृता पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, विधायक रोहित पांडे, पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार सहित सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संघ ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता भागलपुर और बिहार को अंतरराष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ राज्य में शतरंज खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
संवाददाता : रजनीश कुमार, भागलपुर






