बिहार में मानसून एक बार फिर अपने अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक ओर राज्य के कई जिलों में तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, तो दूसरी ओर मौसम विभाग ने अगले एक से तीन घंटे के भीतर 90 से अधिक प्रखंडों में तेज बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसी बीच अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड से सामने आए एक बवंडर के वीडियो ने लोगों में दहशत फैला दी है।
जोकीहाट की सिसोना पंचायत में अचानक तेज गति से घूमती हुई हवा का विशाल गुबार दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में तेज हवाओं ने कई घरों की टीन की छतें उखाड़कर हवा में उड़ा दीं। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे चक्रवात बता रहे हैं, हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थानीय स्तर पर बना बवंडर या घूमती हुई तेज हवा का स्तंभ हो सकता है।
स्थानीय ग्रामीण शमशाद आलम ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा। उनके अनुसार, आंधी-तूफान तो पहले भी आते रहे हैं, लेकिन इस तरह अचानक घूमती हुई तेज हवा ने पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया। लोगों को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही तेज हवाओं ने नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।
मौसम विज्ञान के अनुसार, चक्रवात और बवंडर अलग-अलग प्राकृतिक घटनाएं हैं। चक्रवात समुद्र के ऊपर कम वायुदाब वाले क्षेत्र में बनता है, जबकि बवंडर अपेक्षाकृत छोटे क्षेत्र में अत्यधिक तेज गति से घूमने वाली हवा का स्तंभ होता है।
मौसम विभाग ने भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, कटिहार, पूर्णिया, औरंगाबाद तथा गया सहित कई जिलों के प्रखंडों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
वहीं, पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शेखपुरा में 3.9 डिग्री की सबसे अधिक वृद्धि के साथ तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और गया का 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों तक मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।






