पटना: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से पेपर लीक से जुड़े कई अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए EOU पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
यह मामला आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या-16/2026, दिनांक 30 जुलाई 2026 से संबंधित है। इस मामले में बिहार लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम, 2024 की धारा 10 और 11(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के अनुसार, यह पूरा प्रकरण बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग के अधिनायक अनुदेशक (हवलदार अनुदेशक) प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक से जुड़ा है।
EOU ने कार्रवाई करते हुए पटना के विक्रम थाना क्षेत्र निवासी राज समदर्शी उर्फ राजा (25), वैशाली जिले के सैदपुर रजौली निवासी अभिषेक कुमार (21) तथा वैशाली में परीक्षा केंद्र पर तैनात बायोमीट्रिक सुपरवाइजर नितेश कुमार (28) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को 31 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस मुख्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हाजीपुर नगर थाना कांड संख्या-368/2026 की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि आरोपी राज समदर्शी 29 जुलाई को आयोजित हवलदार अनुदेशक परीक्षा में हाजीपुर केंद्र पर शामिल होने वाला है। इसके बाद उसे परीक्षा केंद्र के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल की बात स्वीकार की।
गहन पूछताछ के दौरान राज समदर्शी ने यह भी खुलासा किया कि परीक्षा के प्रश्नों के सही उत्तर उसे परीक्षा के दौरान उपलब्ध कराए जाने थे। इस पूरे नेटवर्क में परीक्षा केंद्र पर तैनात बायोमीट्रिक सुपरवाइजर नितेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। जांच एजेंसियों का दावा है कि उत्तर गुप्त माध्यम से परीक्षार्थी तक पहुंचाने की पूरी योजना पहले से तैयार थी।
EOU ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पेपर लीक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।






