रोहतास में नगर परिषद के EO विमल कुमार की हत्या, पटना जाते समय अपराधियों ने घेरकर किया जानलेवा हमला

रोहतास से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में धनौती पुल के पास उस समय हुई, जब वह डेहरी में आयोजित ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम से लौटकर सरकारी वाहन से पटना जा रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और ओवरटेक कर वाहन रुकवा लिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले चालक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गाड़ी रुकवाई, फिर विमल कुमार पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कुछ लोगों ने गोली चलने की भी आशंका जताई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

Sponsored Advertisement

स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को पहले डेहरी के निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रौशन कुमार, औरंगाबाद के एसएसपी उपेंद्र नाथ वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के दौरान बाजू पर चाकू के निशान मिलने की बात सामने आई है। गोली लगने की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उधर, मृतक की पत्नी बबीता कुमारी ने चालक पर ही हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में स्थानीय विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह ने विधानसभा में EO विमल कुमार को लेकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद उनकी हत्या को लेकर साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

गया जिले के शेरघाटी निवासी विमल कुमार वर्तमान में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर तैनात थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

  • Related Posts

    कोसी रेंज डीआईजी ने उदाकिशुनगंज एसडीपीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के निष्पादन पर जोर

    सहरसा: पुलिस उप महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा ने मंगलवार को मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण…

    ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.660 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

    पलामू: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *