बिहार के नालंदा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मानपुर थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना मानपुर थाना क्षेत्र के सिंग्थू गांव के पास शुक्रवार शाम की है। जानकारी के अनुसार, विशुनपुर गांव निवासी रामभजन चौहान के आठ वर्षीय पुत्र ऋषिकेश कुमार और सिंग्थू गांव निवासी रंजीत चौहान के छह वर्षीय पुत्र पंकज कुमार एक ही साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। ऋषिकेश इन दिनों अपने ननिहाल सिंग्थू टाड़ापर गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था और हाईस्कूल के समीप अपने मामा गौतम कुमार के यहां ट्यूशन पढ़ने जाता था।
इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई घंटों तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसे लोगों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो बच्चों का स्कूल और ट्यूशन जाना भी असुरक्षित हो जाएगा।
सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







