धनबाद: जिले में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने जानकारी दी कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर सर्वेक्षण, मतदाता प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद नागरिकों को अपने नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज करने का अवसर मिलेगा।
समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान व्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन के तहत कई अहम बदलाव भी किए गए हैं। झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्र के 9 तथा सिंदरी के 1 मतदान केंद्र को बंद किया गया है। वहीं जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक थी, उन्हें विभाजित कर नए बूथ बनाए गए हैं, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को बेहतर सुविधा मिल सके।
उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकेंगे, छूटे हुए पात्र नागरिक आवेदन कर सकेंगे तथा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि का सुधार कराया जा सकेगा। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि धनबाद जिले में वर्तमान में कुल 21 लाख 15 हजार 997 मतदाता पंजीकृत हैं। बीएलओ द्वारा घर-घर फॉर्म वितरित किए गए थे, लेकिन 4 लाख 63 हजार 794 फॉर्म वापस नहीं लौटे। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता शामिल हैं जो स्थानांतरित हो चुके हैं, अनुपस्थित हैं, मृत हैं या जिनके नाम डुप्लीकेट पाए गए हैं। झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित लोगों के नाम भी दावा-आपत्ति अवधि के दौरान उनके नए निवास स्थान के अनुसार जोड़े जाएंगे।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि समय पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले बीएलओ, विशेषकर टुंडी क्षेत्र के कर्मियों को 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और आवश्यक होने पर दावा या आपत्ति दर्ज कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।








