सहरसा में चोरों का आतंक: कंप्यूटर दुकान की 10 इंच मोटी दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल

सहरसा शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला शहर के गंगजला स्थित नगर निगम कार्यालय के समीप का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक कंप्यूटर दुकान की करीब 10 इंच मोटी दीवार तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार रजनीश कुमार, जो सौर बाजार थाना क्षेत्र के नादो पंचायत के निवासी हैं, वर्ष 2022 से किराए के भवन में कंप्यूटर पार्ट्स और रिपेयरिंग की दुकान चला रहे हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर जाने के बाद गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी हुई मिली और दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

 

Sponsored Advertisement
11:11 Cafe & Restaurant Advertisement

चोर दुकान से तीन ग्राहकों के मरम्मत के लिए रखे लैपटॉप, दुकानदार का निजी लैपटॉप, कैश काउंटर में रखे ₹4,000, लगभग ₹25 हजार मूल्य के कंप्यूटर माउस, 10 लैपटॉप चार्जर, 5 हार्ड डिस्क सहित कई अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर फरार हो गए। इस चोरी से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सबसे बड़ी चिंता उन ग्राहकों के लैपटॉप को लेकर है, जिन्हें मरम्मत के लिए दुकान में जमा कराया गया था।

 

घटना के समय दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा कई दिनों से खराब था, जिसके कारण पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कैमरा चालू रहता तो चोरों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती थी। वहीं नगर निगम क्षेत्र में लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरों के निष्क्रिय रहने पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने, सीसीटीवी व्यवस्था को सक्रिय करने तथा चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने की मांग की है, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रह सके।

 

— संवाददाता: इन्द्रदेव जी

Related Posts

जीवन जागृति सोसाइटी ने एनसीसी कैडेटों को दिया सीपीआर प्रशिक्षण, आपातकाल में जान बचाने की सिखाई तकनीक

जीवन जागृति सोसाइटी की ओर से लाजपत पार्क स्थित 4 बिहार बटालियन एनसीसी परिसर में एनसीसी कैडेटों के लिए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) एवं प्राथमिक उपचार का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित…

सहरसा में सूखा नशा पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 333 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

सहरसा जिले में सूखा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत परसबन्नी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *