रोहतास के सरकारी अस्पताल की बड़ी लापरवाही! मरीज ने खुद धूप में सुखाई एक्स-रे प्लेट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

बिहार के रोहतास जिले के चेनारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक मरीज अस्पताल परिसर के बाहर धूप में खड़ा होकर अपनी एक्स-रे प्लेट सुखाता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, उसके हाथ में एक अन्य व्यक्ति की भी एक्स-रे प्लेट नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, चेनारी थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी विष्णुकांत तिवारी इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। डॉक्टर की सलाह पर उनका एक्स-रे किया गया। मरीज का आरोप है कि एक्स-रे के बाद टेक्नीशियन ने उन्हें गीली प्लेट थमा दी और कहा कि अस्पताल में उसे सुखाने की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए बाहर धूप में सुखाकर ले आएं। इसके बाद मरीज अस्पताल परिसर के बाहर धूप में खड़ा होकर एक्स-रे प्लेट सुखाने लगा। इसी दौरान किसी ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

 

मरीज विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि उन्होंने पहले कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं किया था। उनका कहना है कि अस्पताल में इस तरह की व्यवस्था बेहद हैरान करने वाली है और मरीजों को इस प्रकार की परेशानी नहीं झेलनी चाहिए।

 

मामले की जानकारी मिलने के बाद सासाराम के सिविल सर्जन डॉ. मनी राज रंजन ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्वास्थ्य कर्मी या एक्स-रे टेक्नीशियन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिख रही स्थिति के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है।

Related Posts

भागलपुर हिंसा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 20 उपद्रवी डिटेन; सरकारी संपत्ति के नुकसान की होगी दोषियों से वसूली

भागलपुर छात्र आंदोलन के दौरान तिलकामांझी चौक पर हुई हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में भागलपुर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। घटना के…

सहरसा में दिनदहाड़े गोलीकांड: अवैध शराब का विरोध करना पड़ा महंगा, संवेदक को मारी गोली

सहरसा जिले के पशुपालन कॉलोनी वार्ड संख्या-12 में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में संवेदक दिनेश प्रसाद यादव गंभीर रूप…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *