बढ़ुआ जलाशय परियोजना के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, आम रास्ता बहाल करने के आश्वासन के बाद शुरू हुआ काम

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत कमरगंज पंचायत में बढ़ुआ जलाशय परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों का आम रास्ता बंद किए जाने को लेकर गुरुवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर परियोजना स्थल पर चल रहे कार्य को रोक दिया और मांग की कि पहले आम लोगों के आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराया जाए, उसके बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।

 

Sponsored Advertisement

ग्रामीणों का कहना था कि जीभीपीआर कंपनी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के कारण गांव का मुख्य रास्ता और कमरगंज फील्ड तक जाने वाला मार्ग बंद हो गया है। इससे किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण परियोजना स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य बाधित कर दिया।

 

मौके पर पहुंचे कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार ने कंपनी के कर्मियों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने दूरभाष पर परियोजना प्रबंधक (प्रोजेक्ट मैनेजर) से भी वार्ता की। प्रोजेक्ट मैनेजर ने कहा कि यदि ग्रामीण अपनी समस्या से संबंधित लिखित आवेदन देंगे तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और आम रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

 

प्रोजेक्ट मैनेजर के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने लिखित आवेदन सौंपा। आम रास्ता उपलब्ध कराने पर सहमति बनने के बाद करीब एक घंटे से बंद पड़ा निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया। मुखिया भरत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने रास्ता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है, जिसके बाद लोगों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।

 

इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी से मांग की कि परियोजना निर्माण के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए, ताकि विकास कार्यों के कारण आम जनजीवन प्रभावित न हो। प्रदर्शन में चंद्र मोलेश्वर कुमार, पवन झा, विनय मंडल, कालीचरण यादव, बबलू झा, जितेंद्र कुमार, चंद्रमनी यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

 

संवाददाता: रजनीश कुमार, भागलपुर

  • Related Posts

    बाढ़ के पानी में पांच की मौत

    बाढ़ के पानी में पांच की मौत

    हीलिंग टच अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

    हीलिंग टच अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *