बेंगलुरु में बैठे बेटे ने CCTV पर देखा माता-पिता का मर्डर, मुजफ्फरपुर में नए किरायेदार पर दोहरे हत्याकांड का आरोप

रिटायर्ड बैंककर्मी और उनकी पत्नी की निर्मम हत्या, लाइव फुटेज देखकर बेटे ने पड़ोसी को किया फोन, एसआईटी जांच में जुटी

 

Sponsored Advertisement

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग चौरी में हुए बुजुर्ग दंपती के दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत बेटा निखिल कुमार ने अपने घर के सीसीटीवी कैमरे में हत्या की वारदात का लाइव दृश्य देखा। फुटेज में उसकी मां नीलम कुंवर जान बचाने के लिए भागती नजर आईं, जबकि घर में संदिग्ध लोग घूम रहे थे।

 

घटना देखकर निखिल ने तुरंत अपने माता-पिता को फोन किया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले। इसके बाद उसने पड़ोसी अमित कुमार उर्फ चिक्कू को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी जब घर पहुंचे तो प्रथम तल पर रिटायर्ड पीएनबी बैंककर्मी अशोक कुंवर का खून से लथपथ शव मिला। इसके बाद ऊपरी मंजिल पर उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव बरामद हुआ। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे, मुंह पर चौड़ा टेप चिपका था और गले में गमछा कसकर उनकी हत्या की गई थी।

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे दो दिन पहले किराए पर रहने आया एक नया युवक हो सकता है। बताया जा रहा है कि उसने 18 जुलाई को मकान में कमरा लिया था और घटना के बाद सीसीटीवी में भागते हुए दिखाई दिया। आरोपी दंपती के मोबाइल फोन और कुछ जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

 

घटनास्थल से पुलिस और एफएसएल टीम को दस्ताने तथा रस्सी के कुछ टुकड़े मिले हैं। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

 

परिजनों के अनुसार अशोक कुंवर वर्ष 2014 में पीएनबी से सेवानिवृत्त हुए थे। हाल ही में उनकी बायपास सर्जरी और लीवर का ऑपरेशन हुआ था, जिससे वे काफी कमजोर थे। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने उनकी इसी लाचारी का फायदा उठाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

 

  • Related Posts

    शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों ने CM सम्राट चौधरी को सौंपा आवेदन, पूर्णकालिक करने की मांग तेज

    शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। भागलपुर जिला शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक संघ…

    सहरसा में दोस्त के चाचा ने युवक को मारी गोली, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार

    सहरसा जिले के कहरा क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से घायल युवक को परिजनों ने आनन-फानन में…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *