बिहार पुलिस मुख्यालय की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, पटना के निर्देश पर Cyber Smart अभियान के तहत भागलपुर जिले में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन नवयुग विद्यालय, आदमपुर में साइबर थाना, भागलपुर की ओर से किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अलंकृत पांडे, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, विद्यालय के शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा साइबर थाना के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अलंकृत पांडे ने कहा कि आज बैंकिंग, शिक्षा, व्यापार और सरकारी सेवाओं सहित जीवन का लगभग हर क्षेत्र डिजिटल तकनीक से जुड़ चुका है। ऐसे में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट, फर्जी QR कोड या किसी भी संदिग्ध मोबाइल एप पर बिना जांच-परख के भरोसा न करें। साथ ही OTP, ATM PIN, बैंक खाते की जानकारी, CVV और पासवर्ड जैसी गोपनीय सूचनाएं किसी के साथ साझा नहीं करें।
साइबर थाना के अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, फर्जी KYC अपडेट, UPI और QR कोड फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं और फेक कस्टमर केयर नंबर जैसे साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
कार्यक्रम में सुरक्षित पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, मोबाइल और कंप्यूटर की नियमित सुरक्षा अपडेट तथा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
Cyber Smart अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन और भागलपुर पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन 1930 पर दें तथा स्वयं जागरूक रहकर दूसरों को भी सुरक्षित डिजिटल जीवन के लिए प्रेरित करें।






