सहरसा में अपराध की साजिश नाकाम, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

सहरसा जिले के बलवाहाट थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया और उसके घर से एक देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी गई है।

 

Sponsored Advertisement

मामले की जानकारी देते हुए सिमरीबख्तियारपुर अनुमंडल के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बलवाहाट थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार की शाम नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलवाहाट थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव स्थित फकीरना टोला वार्ड संख्या-6 में एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है।

 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक अवर निरीक्षक रंजीत कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक युवक घर से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

 

इसके बाद पुलिस ने घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ड्रेसिंग टेबल में छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा बरामद हुआ। हथियार मिलने के बाद युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकरपुर गांव निवासी सचिन कुमार, पिता अरुण कुमार के रूप में हुई है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया, उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।

 

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

  • Related Posts

    गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच राघोपुर बांध का औचक निरीक्षण, प्रभारी सचिव ने 24×7 निगरानी के दिए निर्देश

    भागलपुर। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश के आलोक में भागलपुर के प्रभारी सचिव दीपक आनंद, IAS ने बुधवार सुबह राघोपुर बांध और सामुदायिक रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले…

    मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भागलपुर दौरे की तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने हेलिपैड स्थल का किया निरीक्षण

    भागलपुर। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भागलपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *