विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की शुरुआत में अब महज नौ दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। सोमवार को भागलपुर के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) धीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम और नमामि गंगे घाट का निरीक्षण कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सत्यम राज, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी हेमलता कुमारी, नगर परिषद सुल्तानगंज के स्वच्छता पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट, अजगैविनाथ गंगा घाट, उद्घाटन स्थल, कांवड़ियों के ठहराव स्थल, बैरिकेडिंग, शौचालय, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही एसडीआरएफ की तैनाती, आपदा प्रबंधन की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
एडीएम धीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के निर्देशानुसार 25 जुलाई तक मेले से संबंधित सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी भी कार्य में लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले लाखों शिवभक्तों और कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विशेष रूप से घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, शौचालय और कांवड़ियों के ठहराव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष श्रावणी मेला पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया।
संवाददाता : रजनीश कुमार, भागलपुर






