जामताड़ा: शहर के न्यू टाउन स्थित गांधी मैदान से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
रथयात्रा के शुभारंभ से पहले गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजे रथ पर विराजमान कराया गया। इस अवसर पर जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया और रथ खींचकर यात्रा में सहभागिता निभाई।
इसके बाद रथयात्रा गांधी मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखध्वनि, भजन-कीर्तन और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। भगवान के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रथ के आगे प्रस्तुत की गई आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
इस धार्मिक आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रथयात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी के सदस्यों ने व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया।
इस अवसर पर पप्पू चौधरी, चंद्र मोहन दत्ता, उत्तम मंडल, बम मंडल, तपन मंडल सहित रथ यात्रा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा





