झारखंड के पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। लुम्बा सतबहिनी पंचायत भवन के समीप कोयल नदी की बालू में दफन एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लुम्बा सतबहिनी के शेखडीहा गांव निवासी सुनील साव के 25 वर्षीय पुत्र सचिन साव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, सचिन साव मंगलवार रात से घर से लापता था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्य और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान वे कोयल नदी के किनारे पहुंचे, जहां बालू की सतह एक स्थान पर संदिग्ध दिखाई दी। ग्रामीणों ने वहां खुदाई शुरू की तो बालू के नीचे दबे कुछ कपड़े दिखाई दिए। इसके बाद तत्काल उंटारी रोड थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी एवं उंटारी के अंचल अधिकारी (सीओ) बासुदेव राय की मौजूदगी में ग्रामीणों की सहायता से बालू की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान गड्ढे से एक युवक का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सचिन साव के रूप में की गई।
प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए मामला हत्या के बाद शव को बालू में दफनाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के संबंध में उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान मिलते ही मामले की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू





