जामताड़ा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जामताड़ा जिले में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने खुद गणना प्रपत्र भरकर मतदाताओं के लिए एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय में फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपा और उसी समय उसका ऑनलाइन डिजिटाइजेशन भी कराया। इस दौरान उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर फॉर्म भरने और जमा करने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, संबंधित बीएलओ उपायुक्त आवास पहुंचे और गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराईं। उपायुक्त आलोक कुमार ने दोनों प्रतियों में आवश्यक जानकारी भरने के बाद एक प्रति बीएलओ को सौंप दी। बीएलओ ने नियमानुसार पावती रसीद जारी की, जबकि दूसरी प्रति रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित रखी गई। इसके बाद बीएलओ ने तुरंत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री कर डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर दी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक से विभिन्न मतदान केंद्रों पर फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की। जिन क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां उन्होंने बीएलओ को स्वयंसेवकों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। सभी लोग सही जानकारी के साथ फॉर्म भरें, जमा करते समय पावती अवश्य प्राप्त करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू, बीएलओ पर्यवेक्षक मंजू देवी तथा निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा





