पलामू जिले के उंटारी रोड प्रखंड अंतर्गत सिड़हा गांव में शुक्रवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नेता रामाशीष यादव की माता स्वर्गीय मन्ना देवी की 12वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक एवं स्थानीय लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम का आयोजन सिड़हा गांव स्थित पैतृक आवास पर किया गया। इस दौरान श्री जे.पी. यादव, कृष्णा यादव, विश्वनाथ यादव, विजय यादव, सुदामा प्रसाद यादव तथा जे.पी. यादव स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती गीता कुमारी सहित सैकड़ों लोगों ने स्वर्गीय मन्ना देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि मन्ना देवी का जीवन सादगी, सेवा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक था तथा उनके बताए आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
पुण्यतिथि के अवसर पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जरूरतमंद एवं गरीब महिलाओं और पुरुषों के बीच राशन सामग्री, साड़ी और धोती का वितरण किया गया। वहीं स्कूली बच्चों को कॉपी, कलम, पेंसिल, रबर और कटर जैसी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि पुण्यतिथि को सेवा दिवस के रूप में मनाना स्वर्गीय मन्ना देवी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस तरह के सामाजिक कार्य समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर लहर बंजारी के उपमुखिया कर्मदेव यादव, पूर्व प्रखंड प्रमुख ग्राम सेवक पासवान, पूर्व मुखिया अशोक चौधरी, केवल यादव, श्यामराज यादव, नरेश यादव, कामेश्वर बैठा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धांजलि सभा और जरूरतमंदों के बीच सहायता सामग्री वितरण के साथ हुआ।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू





