धनबाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के बीच धनबाद जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे अभियान की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक कथित बीएलओ महिला मतदाताओं से SIR फॉर्म भरने के नाम पर पैसे लेते हुए दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह मामला झरिया के चिल्ड्रेन पार्क के समीप वार्ड संख्या-43 का है। वायरल वीडियो में सड़क किनारे बैठी एक महिला लोगों के SIR फॉर्म भरती नजर आ रही है। इसी दौरान कुछ स्थानीय महिलाएं आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं कि फॉर्म भरने के लिए उनसे रुपये लिए गए हैं। महिलाओं का कहना है कि बिना पैसे दिए उनका काम नहीं किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो में दिख रही महिला भागा शालीमार क्षेत्र से यहां आकर SIR फॉर्म भरने का काम करती है और लोगों से पैसे वसूलती है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला अधिकृत बीएलओ है या नहीं। इसकी पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि SIR फॉर्म भरने के लिए किसी भी प्रकार की राशि लेना या देना पूरी तरह प्रतिबंधित है। एक दिन पहले ही धनबाद के एसडीएम लोकेश बारंगे ने वासेपुर इलाके में पैसे लेकर SIR फॉर्म भरने वाले एक साइबर कैफे पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया था। साथ ही लोगों से अपील की गई थी कि वे केवल अधिकृत बीएलओ, बीएलए-2, सुपरवाइजर या निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत कर्मियों की ही सहायता लें और किसी भी व्यक्ति को फॉर्म भरने के नाम पर पैसा न दें।
अब झरिया से सामने आए इस वायरल वीडियो ने प्रशासन की सख्ती और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
संवाददाता: धनबाद ब्यूरो






