मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का विकास का काम ही जदयू की ताकत है।

समस्याओं का समाधान ही हमारी पूंजी है। हमलोगों को काम करने का मौका मिला तो सभी लोगों के लिए काम किया। सभी तबके का विकास किया।

मुख्यमंत्री सोमवार शाम सीएम आवास एक अणे मार्ग स्थित नेक संवाद में जदयू की आंतरिक बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जदयू के सभी 51 संगठन जिलों के जिला व नगर अध्यक्ष तथा 11 प्रमंडल प्रभारियों के साथ बैठक की।

अपराह्न चार बजे आरंभ हुई बैठक करीब पौने आठ बजे सम्पन्न हुई।

पौने चार घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में तकरीबन तीन घंटे उन्होंने जमीनी फीडबैक लिया।

जिलाध्यक्ष और प्रमंडल प्रभारी जमीन पर क्या महसूस करते हैं, तकरीबन 60 नेताओं से इसकी विस्तृत जानकारी ली।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विजय चौधरी तथा वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के बाद उन्होंने लगभग 15 मिनट नेताओं को संबोधित किया।

सीएम ने जिलाध्यक्षों से कहा कि विपक्षी एकता व इंडिया गठबंधन को मजबूत कीजिए।

लोकसभा चुनाव जब भी हो तैयारी पूरी रहनी चाहिए। संगठन को मजबूत करिए। सरकार का काम लोगों तक पहुंचाइए।

भाजपा भ्रम फैलाने वाली पार्टी, सावधान रहें

सीएम ने कहा कि भाजपा भ्रम फैलाने वाली पार्टी है, उससे सावधान रहना है।

सतर्क रहिए, पूरी मजबूती से काम कीजिए। बुलंदी से रहिए और पार्टी का काम करिए।

बाकी चीजों को देखने के लिए हम हैं। आपलोग निश्चिंत रहिए, काम हमारी पूंजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *