भागलपुर में जमीन विवाद पर चली गोलियां, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप


भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक गांव में जमीन विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए जगदीशपुर थाना में अलग-अलग आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


पहले पक्ष के संजय कुमार यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि वह अपने परिजनों के साथ खेत के पास मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कई लोग हथियारों के साथ पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि अपनी और परिवार की जान बचाने के लिए उन्हें अपनी लाइसेंसी रायफल से हवाई फायरिंग करनी पड़ी। संजय कुमार यादव का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज की, उनके गले से करीब एक लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच करीब 35 वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में लंबित है।

Sponsored Advertisement

वहीं दूसरे पक्ष के शशि कुमार यादव ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि जब वह अपनी दुकान से बाहर निकले तो देखा कि उनकी जमीन पर जुताई की जा रही थी। विरोध करने पर संजय कुमार यादव समेत कई लोग रायफल, पिस्टल और लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और फायरिंग करते हुए उनके साथ मारपीट की। उनका दावा है कि इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों लाइसेंसी रायफल और कारतूस जब्त कर लिए हैं। दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव की स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

  • Related Posts

    भागलपुर पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का प्रशांत किशोर पर हमला, बोले- ‘एक्सीडेंटल विधायक’, बिहार की आठों सीटों पर जीत का दावा

    भागलपुर। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी कोसी स्नातक क्षेत्र चुनाव को लेकर आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होने भागलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी…

    बिहार पुलिस चालक भर्ती: खाली महिला सीटों पर पुरुष अभ्यर्थियों के चयन की मांग, 40 दिनों से धरने के बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष से मिले अभ्यर्थी

    भागलपुर। बिहार पुलिस चालक भर्ती में खाली रह गई महिला आरक्षित सीटों पर सफल पुरुष अभ्यर्थियों के चयन की मांग तेज हो गई है। भागलपुर, मुंगेर समेत बिहार के विभिन्न…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *