धनबाद पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई गोपी खान के मकान पर बुलडोजर चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन डीएसपी, छह थाना क्षेत्रों की पुलिस और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर तैनात रहे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर अभियान चलाया।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गोपी खान का मकान बिना स्वीकृत नक्शे के बनाया गया था। उन्होंने कहा कि फरार गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके परिजनों के खिलाफ विभिन्न मामलों में पहले भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है। शुक्रवार को धनबाद थाना कांड संख्या 400/2023 तथा बैंक मोड़ थाना कांड संख्या 71/2022 में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में भवन के अवैध और क्षतिग्रस्त हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत की गई है और फिलहाल केवल जर्जर व अवैध हिस्से को हटाया गया है। सिटी एसपी ने कहा कि जैसे ही न्यायालय से आगे का आदेश प्राप्त होगा, नियमानुसार पूरे भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि धनबाद पुलिस संगठित अपराध, रंगदारी और अपराधियों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध के खिलाफ एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
संवाददाता : नीतीश कुमार, धनबाद






