भागलपुर: लोदीपुर बाइपास पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र स्थित बाइपास मुख्य सड़क पर शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर बाइपास सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।

पहली घटना में विशनपुर जिछो निवासी शालिग्राम यादव के पुत्र अरविंद यादव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अरविंद यादव टोटो चालक थे और एक बच्चे को बिरला स्कूल छोड़ने के लिए बाइपास मुख्य सड़क पर गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जहां मातम का माहौल बन गया।

वहीं दूसरी घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। जिछो निवासी स्वर्गीय लब्बु मंडल के 65 वर्षीय पुत्र उपेन्द्र मंडल बाइपास सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल उपेन्द्र मंडल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

लगातार दो मौतों से नाराज ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने बाइपास मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही लोदीपुर प्रभारी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी प्रेरणा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और फरार हाइवा चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। एक ही दिन में दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि दोनों मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Posts

भागलपुर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 3.590 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 3.590 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

श्रावणी मेला की तैयारी तेज: अजगैविनाथ धाम में पार्किंग स्थलों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन का फोकस

श्रावणी मेला की तैयारी तेज: अजगैविनाथ धाम में पार्किंग स्थलों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन का फोकस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *