पलामू जिले के पड़वा प्रखंड अंतर्गत सिक्का गांव में राष्ट्रीय मौर्य सेना ने मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए शोकाकुल अनुज मेहता के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। संगठन के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे, उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। राष्ट्रीय मौर्य सेना की ओर से परिवार को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी गई।
संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि अनुज मेहता की माता लाखों देवी के उपचार के दौरान अब तक राष्ट्रीय मौर्य सेना की पहल पर तीन यूनिट रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि आगे भी रक्त की आवश्यकता होगी तो संगठन अपने स्तर पर तत्काल व्यवस्था करेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करना संगठन का उद्देश्य है और संकट की इस घड़ी में पूरा संगठन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
गौरतलब है कि अनुज मेहता के परिवार पर पिछले दस दिनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के पांच सदस्यों की लगातार मौत होने से गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। ऐसे समय में सामाजिक संगठन द्वारा आगे बढ़कर की गई मदद को ग्रामीणों ने सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मौर्य सेना के संयोजक दिलीप मेहता, महासचिव रवि रंजन, रितेश मेहता, निरंजन मेहता, सुशील मेहता, संतोष मेहता, पूर्व मुखिया दिलीप मेहता सहित संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू






