सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कायस्थ टोला, पूर्वी रेलवे कॉलोनी की रहने वाली एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में लिखित आवेदन दिया है। महिला का कहना है कि पति के निधन के बाद से उसे लगातार मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तथा उसकी हत्या कर फंसाने की साजिश भी रची जा रही है।
आवेदन देने वाली पार्वती कुमारी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय दीपक चौधरी का निधन हो चुका है। पति की मृत्यु के बाद वह अपने एक पुत्र और एक पुत्री के साथ जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग उनकी संपत्ति हड़पने की नीयत से उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं।
पार्वती कुमारी, जो आंगनबाड़ी सेविका एवं बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं, ने अपने आवेदन में कहा है कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ-साथ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा उनके खिलाफ अफवाह फैलाकर समाज में उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।
महिला ने अपने आवेदन में महारानी देवी, दिलीप चौधरी, मीरा देवी, लिली दास, काशी नाथ दास उर्फ दुख्खू दास समेत कुछ अन्य लोगों को नामजद किया है। उनका आरोप है कि ये सभी लोग मिलकर उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं और जानलेवा हमला कराने की साजिश में भी शामिल हैं।
पीड़िता ने आवेदन में दावा किया है कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।






