सहरसा पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ बना लोगों के चेहरे की मुस्कान, नौवें चरण में 51 और अब तक कुल 476 गुम मोबाइल लौटाए

बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सहरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने का सिलसिला लगातार जारी है। अभियान के नौवें चरण में रविवार (21 जून 2026) को 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 47 हजार 960 रुपये बताई गई है।

 

सहरसा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के फेज-01 से फेज-09 तक अब तक कुल 476 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। बरामद सभी मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 32 हजार 883 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा गुमशुदगी अथवा चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया।

 

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस केंद्र, सहरसा में पुलिस उपमहानिरीक्षक (कोशी क्षेत्र) एवं पुलिस अधीक्षक, सहरसा की मौजूदगी में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सहरसा पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और खुशी जाहिर की।

 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के विभिन्न चरणों में पहले चरण में 70, दूसरे में 42, तीसरे में 40, चौथे में 42, पांचवें में 51, छठे में 43, सातवें में 64, आठवें में 73 तथा नौवें चरण में 51 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस तरह कुल 476 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाए जा चुके हैं।

 

सहरसा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो वे तत्काल संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही दूरसंचार विभाग के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक कराने की प्रक्रिया भी अपनाएं। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है।

Related Posts

सहरसा के एक ही परिवार के दो सदस्यों ने BPSC में मारी बाजी, बनगांव में खुशी की लहर

सहरसा के एक ही परिवार के दो सदस्यों ने BPSC में मारी बाजी, बनगांव में खुशी की लहर

आटा चक्की चलाने वाले पिता के बेटे ने रचा इतिहास, 70वीं BPSC परीक्षा में केशव कुमार ने हासिल की शानदार सफलता

आटा चक्की चलाने वाले पिता के बेटे ने रचा इतिहास, 70वीं BPSC परीक्षा में केशव कुमार ने हासिल की शानदार सफलता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *