सहरसा भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सहरसा विधायक आईपी गुप्ता (इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता) और पार्टी नेताओं पर तीखा हमला बोला।
इस मौके पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शशि सोनी, नगर पूर्वी मंडल अध्यक्ष अभिनव कुमार सिंह तथा नीरज कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए साजन शर्मा ने कहा कि तांती-ततवा समाज को आरक्षण देने का कार्य वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि बाद में यह मामला न्यायालय पहुंचा और सुप्रीम कोर्ट द्वारा इसे निरस्त कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस मुद्दे पर पुनः विचार कर रही है और समाज को आरक्षण का लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी तांती-ततवा समाज को आरक्षण दिलाने का आश्वासन दिया है और सरकार अपने वादे को पूरा करेगी।
आईआईपी नेता संजय सिंह द्वारा उन्हें “बच्चा” कहे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए साजन शर्मा ने कहा कि उन्होंने 19 वर्ष की उम्र में वार्ड पार्षद का चुनाव जीता था और तीन बार पार्षद रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि बयानबाजी में संयम और तथ्यों का ध्यान रखा जाना चाहिए।
साजन शर्मा ने आरोप लगाया कि उन्होंने विधायक आईपी गुप्ता से सवाल पूछा था, लेकिन जवाब देने के बजाय उन्हें भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आईपी गुप्ता की जमानत जब्त हो जाएगी और उन्हें 10 हजार वोट भी नहीं मिलेंगे।
वहीं, आईआईपी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नीरज कुमार शर्मा ने भी संजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आईआईपी में जातीय राजनीति की जा रही है और अन्य समाज के लोगों को नेतृत्व का अवसर नहीं दिया जाता, जिससे उन्होंने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा।
उन्होंने कहा कि संजय सिंह केवल अपने कुछ ही लोगों को जोड़कर समाज में दिखावा कर रहे हैं, जबकि आज तक अपने समाज को के लोगों को जोड़ने का कोई ठोस कार्य नहीं किया गया है।





