बिहार के पूर्णिया में एक महिला की हत्या कर दी गई। 26 दिनों बाद गड्ढे से शव बरामद किया गया है। अंधविश्वास के कारण गई एक महिला की जान। सांप काटने से हुई थी बच्चे की मौत जिसके बाद डायन होने के शक पर महिला को किया था गायब।
धमदाहा (पूर्णिया)। डायन कह कर जिस महिला को रात के 12 बजे मारपीट कर घर से गायब कर दिया गया था। उसकी लाश आखिरकार पुलिस ने 26 दिनों के बाद धमदाहा थाना क्षेत्र के कवैया बहियार से बरामद किया है। मृतका के गले एवं शरीर पर कई जगह तेज धारदार हथियार से काटने का जख्म हैं। पुलिस ने मानव कंकाल एवं मांस का लूथड़ा खेत में जमीन के नीचे से बरामद किया है। जिस बेडशीट एवं साड़ी में लाश को लपेटा गया था। उसे देखकर मृतका की बहन ने उसकी पहचान रंजना देवी के रूप में कर लिया है।
पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के सुरजुगा गांव की रंजना देवी को उसके ही गांव के मंटू उरांव एवं उनके सहयोगियों ने 28 जुलाई 22 की रात उसके घर में पहले मारपीट कर बाद में उसे गायब कर दिया। इस घटना को लेकर मृतका की बहन रंजू देवी ने धमदाहा थाना में 5 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने मंटू उरांव एवं उसकी पत्नी सहित छह लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इस घटना को लेकर मृतका की बहन रंजू देवी ने बताया की सात दिन पूर्व गांव के मंटू राव के 11 वर्षीय पुत्र की सांप काटने के कारण मौत हो गई थी। जिसके बाद गांव के कुछ लोग गांव के ही ओझा की बात में आकर उसकी बहन रंजना देवी को डायन बताकर घर में घुसकर बुरी तरह से मार काट कर जख्मी कर दिया था। उसके बाद अचानक से उसे गायब कर दिया गया था। मृतका की बहन को पूर्व से ही आशंका थी की उसकी बहन को मंटू उरांव एवं उसके सहयोगियों ने अंधविश्वास में आकर हत्या कर दिया है। वहीं एसडीपीओ रमेश कुमार ने कहा कि बहुत खोजबीन करने पर शव को बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।