पलामू: ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं राज्य स्तरीय दिशा समिति के सदस्य देवेश तिवारी का मंगलवार को मेदिनीनगर स्थित वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट कार्यालय में आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने ट्रस्ट द्वारा संचालित सामाजिक एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियानों की सराहना की और टीम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
बताया गया कि देवेश तिवारी लंबे समय से वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की गतिविधियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों से प्रभावित थे तथा टीम से मुलाकात करने की इच्छा रखते थे। मेदिनीनगर प्रवास के दौरान उन्हें यह अवसर मिला, जहां उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की।
विशेष रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान से प्रभावित होकर उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने ट्रस्ट की टीम को सम्मानित करते हुए कहा कि समाजहित में किए जा रहे ऐसे प्रयास प्रेरणादायक हैं। साथ ही भविष्य में भी सहयोग और मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव शर्मिला वर्मा ने देवेश तिवारी का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद समय निकालकर टीम से मिलने आना संस्था के लिए सम्मान की बात है। उनके मार्गदर्शन से संस्था को आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की जानकारी भी साझा की गई। संस्था लगातार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दे रही है। भविष्य में इस अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने की योजना बनाई गई है ताकि पलामू जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में विवेक वर्मा, मन्नत सिंह बग्गा, लक्ष्य श्रेष्ठ और मंजू चंद्रा सहित टीम वरदान के कई सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता : सत्यम शुक्ला







