सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए निकली बाइक रैली, डीटीओ ने दिखाई हरी झंडी

 

यातायात नियमों के पालन का संदेश, सुरक्षित झारखंड बनाने का लिया संकल्प

 

मेदिनीनगर (पलामू): सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को मेदिनीनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। जिला परिवहन कार्यालय, पलामू के तत्वावधान में आयोजित इस रैली को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) प्रमोद कुमार ने जी.एल.ए. कॉलेज परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

यह रैली “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा एवं यातायात नियम अपनायें, सुरक्षित झारखंड बनायें” अभियान के तहत आयोजित की गई। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा जिम्मेदार एवं सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित करना था।

 

इस अवसर पर डीटीओ प्रमोद कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित नियमों का पालन करे तो अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। सड़क सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।

 

उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का नियमित उपयोग करने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक संकेतों का सम्मान करने की सलाह दी।

 

रैली में शामिल प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों वाले बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। यह रैली जी.एल.ए. कॉलेज से शुरू होकर रेडमा, बैरिया, बस स्टैंड, छह मुहान, सादिक चौक और 2 नंबर टाउन सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान आम नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, स्टंटबाजी और लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इनसे बचने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर रोड सेफ्टी मैनेजर विनीत कुमार सहित सड़क सुरक्षा सेल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू

Related Posts

धनबाद थाना परिसर में बनेगा 6 मंजिला अत्याधुनिक भवन, 18 करोड़ रुपये होंगे खर्च

धनबाद थाना परिसर में बनेगा 6 मंजिला अत्याधुनिक भवन, 18 करोड़ रुपये होंगे खर्च

मैथन डैम में टला बड़ा हादसा, डूबती नाव से एक दर्जन पर्यटकों की जान बची

मैथन डैम में टला बड़ा हादसा, डूबती नाव से एक दर्जन पर्यटकों की जान बची

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *